News

एनटीपीसी इलेक्ट्रॉन क्विज में आईआईटी-पटना का दबदबा, दोनों शीर्ष स्थानों पर कब्जा

एनटीपीसी इलेक्ट्रॉन क्विज में आईआईटी-पटना का दबदबा, दोनों शीर्ष स्थानों पर कब्जा
एनटीपीसी इलेक्ट्रॉन क्विज में आईआईटी-पटना का दबदबा, दोनों शीर्ष स्थानों पर कब्जा

एनटीपीसी इलेक्ट्रॉन क्विज़ में आईआईटी-पटना का दबदबा, दोनों शीर्ष स्थानों पर कब्जा

IIT-Patna dominates NTPC Electron Quiz, clinches both top spots.

विशेष संवाददाता
पटना । एनटीपीसी द्वारा आज ऊर्जा ऑडिटोरियम, पटना में आयोजित प्रतिष्ठित एनटीपीसी इलेक्ट्रॉन क्विज 2026-27 के पटना रीजनल राउंड में आईआईटी-पटना की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम और द्वितीय दोनों स्थान हासिल किए। हीत जे. जोशी और शिवांशु एस. दास की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि जोवेन एस. पायनाडत और अभिराम पारिपदी की टीम दूसरे स्थान पर रही।
चंद्रगुप्त इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, पटना के रौशन और गौरव ने तीसरा स्थान हासिल किया।

एनटीपीसी के उप महाप्रबंधक (नैगम संचार) विश्वनाथ चंदन ने बताया कि
पटना रीजनल राउंड में बिहार के प्रमुख इंजीनियरिंग एवं प्रबंधन संस्थानों की 300 से अधिक टीमों, जिनमें प्रत्येक टीम में दो विद्यार्थी शामिल थे, ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में आईआईटी-पटना, चंद्रगुप्त इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, लालित नारायण मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ इकोनॉमिक डेवलपमेंट एंड सोशल चेंज, पटना, बख्तियारपुर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज–औरंगाबाद सहित राज्य के कई प्रतिष्ठित संस्थानों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता की शुरुआत सुबह आयोजित लिखित प्रारंभिक चरण से हुई। इसके बाद छह टीमों ने हाई-एनर्जी ऑडियो-विजुअल फाइनल राउंड के लिए क्वालीफाई किया। फाइनल में आईआईटी-पटना की दो टीमों के अलावा चंद्रगुप्त इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट–पटना, सीतामढ़ी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, लालित नारायण मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ इकोनॉमिक डेवलपमेंट एंड सोशल चेंज, पटना तथा गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज–औरंगाबाद की टीमों ने भाग लिया। फाइनल राउंड का संचालन दिल्ली के प्रसिद्ध क्विज मास्टर श्री गौतम बोस ने किया।

पटना क्षेत्रीय चरण की शीर्ष दो टीमें अब एनटीपीसी इलेक्ट्रॉन क्विज 2026-27 के सेमीफाइनल एवं राष्ट्रीय फाइनल में भाग लेंगी। ये प्रतियोगिताएं क्रमशः 7 एवं 8 अक्टूबर 2026 को एनटीपीसी पावर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (पीएमआई), नोएडा में आयोजित की जाएंगी।
इस अवसर पर श्री विल्सन अब्राहम, महाप्रबंधक (मानव संसाधन), एनटीपीसी ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को क्रमशः 60,000 रुपये, 40,000 रुपये एवं 20,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की। अन्य फाइनलिस्ट टीमों को भी सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए श्री विल्सन अब्राहम ने कहा कि एनटीपीसी इलेक्ट्रॉन क्विज युवा प्रतिभाओं को अपने ज्ञान, रचनात्मकता और त्वरित निर्णय क्षमता का प्रदर्शन करने के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना राष्ट्र निर्माण के प्रति एनटीपीसी की प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने विजेता टीमों को बधाई दी तथा सभी प्रतिभागियों को आगामी चरणों के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारियों सहित विभिन्न इंजीनियरिंग एवं प्रबंधन संस्थानों से आए विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

एनटीपीसी इलेक्ट्रॉन क्विज एनटीपीसी की प्रमुख युवा सहभागिता पहलों में से एक है, जिसका उद्देश्य देशभर के युवाओं में ज्ञान, जिज्ञासा, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और बौद्धिक उत्कृष्टता की भावना को बढ़ावा देना है। यह पहल युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता और ज्ञान का प्रदर्शन करने के लिए मंच उपलब्ध कराने तथा उन्हें प्रोत्साहित करने के प्रति एनटीपीसी की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

About the author

Ankit Piyush

Ankit Piyush is the Editor in Chief at BhojpuriMedia. Ankit Piyush loves to Read Book and He also loves to do Social Works. You can Follow him on facebook @ankit.piyush18 or follow him on instagram @ankitpiyush.